राज्य
10-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर और ठिकानों पर छापेमारी की। इस मामले में दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता और राज्य सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर प्रवर्तन निदेशालय के यहां छापेमारी के बीच दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले में दावा किया कि पंजाब में हिंदू व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है। आप के संयोजक ने कहा- ईडी पार्टी आज फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ईडी की रेड कर रही है। ईडी पार्टी पंजाब के छोटे छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। उन्होंने लिखा कि मेरी सभी व्यापारियों से अपील है - घबराने की कोई बात नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है, हम सब मिलकर ईडी पार्टी का मुकाबला करेंगे। आप संयोजक के बयान को रिपोस्ट करते हुए पंजाब से सीएम भगवंत मान ने भी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने लिखा- पंजाब के हिंदू व्यापारी हमारे राज्य के आर्थिक विकास की रीढ़ की हड्डी हैं और रंगला पंजाब बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है। ईडी पार्टी सेंट्रल एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके हमारे व्यापारियों को परेशान करना चाहती है। ऐसा करके वे राजनीतिक दबाव डालकर उन्हें अपने साथ मिलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसको पंजाबी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम अपने व्यापारियों के साथ खड़े हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/ जून /2026