राज्य
10-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई और साफ कहा कि ओ-जोन में पहले से बने मकानों और कॉलोनियों पर कोई तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं की जाएगी। दिल्ली के ओ-जोन क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई और साफ कहा कि ओ-जोन में पहले से बने मकानों और कॉलोनियों पर कोई तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं की जाएगी बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ओ-जोन क्षेत्र में रहने वाले लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार उनकी चिंताओं को गंभीरता से समझती है और उनका समाधान निकालने के लिए काम कर रही है। बैठक में सांसद मनोज तिवारी, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक अरविंदर सिंह लवली समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि ओ-जोन क्षेत्र में करीब 91 अनधिकृत कॉलोनियां और एक दर्जन पुराने गांव हैं, जहां लगभग 15 लाख लोग रहते हैं। जनप्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि इलाके में लगाए गए कुछ सरकारी बोर्डों और नोटिसों की वजह से लोगों में भ्रम और डर का माहौल बन गया है। कई परिवारों को लग रहा है कि उनके घरों पर बुलडोजर चल सकता है। हालांकि, हाई कोर्ट के आदेशों और उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड के अध्ययन के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि पुराने और पहले से बने निर्माणों को हटाने का कोई आदेश नहीं है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/ जून /2026