खेल
10-Jun-2026


न्यूयॉर्क (ईएमएस)। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के मुख्य कोच थॉमस टुचेल का मानना है कि उनकी टीम के फीफा विश्वकप जीतने की अधिक संभवना नहीं है। इसका कारण है कि पिछले काफी समय से उनकी टीम ने कोई बड़ा टूर्नामेंट नहीं जीता है। कोच के अनुसार उनकी टीम को पहले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अपना प्रदर्शन सुधारना होगा। तभी वह विश्वकप जैसे टूर्नामेंट में बड़ी दावेदार बनकर उभर सकती है। उन्होंने ये बात कोस्टा रिका के खिलाफ इंग्लैंड के आखिरी वॉर्म-अप मैच से पहले कही। वहीं पहले अभ्यास मैच में टीम ने न्यूजीलैंड को 1-0 से हराया था पर उसका प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं था। इसी कारण कोच को टीम के विश्वकप में सफल होने की उम्मीद नहीं है। टुचेल ने कहा कि इस बार उनकी टीम उस स्थिति में नहीं है कि वह बड़े दावे कर सकें। उन्होंने कहा कि अभी के समय में विश्व फुटबॉल में ऐसी कई टीमें हैं जिन्होंने बड़े टूर्नामेंट जीते हैं और उनका रिकार्ड इंग्लैंड से कहीं अच्छा है। टुचेल ने स्पष्ट किया कि उनकी टीम बड़े सपने जरूर देखती है और खिताब जीतने का हर संभव प्रयास करेगी पर उनका अभी केवल बेहतर प्रदर्शन करने पर है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का पूरा ध्यान कड़ी मेहनत, पुख्ता तैयारी और मैदान पर निरंतर श्रेष्ठता बनाए रखने पर केंद्रित है। सा ही कहा कि केवल दावेदार कहलाने से कोई टीम चैंपियन नहीं बन जाती, बल्कि उसके लिए हर मैच में अपनी क्षमता साबित करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि हैरी केन टीम के कप्तान बने रहेंगे और इस भूमिका में कोई बदलाव नहीं होगा। वहीं डेक्लान राइस को उपकप्तान बनाया गया है। टुचेल ने बताया कि यह फैसला काफी पहले कर लिया गया था, क्योंकि राइस मैदान पर टीम को प्रभावी ढंग से संभालते हैं और उनकी खेल की समझ काफी अच्छ है। फिलहाल, इंग्लैंड के कैंप का माहौल शांत और सकारात्मक बना हुआ है। हालांकि, टुचेल ने स्वीकार किया कि जैसे-जैसे टूर्नामेंट करीब आएगा, खिलाड़ियों पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि टीम मानसिक और शारीरिक रूप से खुद को इस चुनौती के लिए तैयार कर रही है। इंग्लैंड अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 17 जून को क्रोएशिया के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले से करेगा, जिस पर दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों की निगाहें टिकी रहेंगी। ईएमएस 10जून 2026