खेल
10-Jun-2026


लंदन (ईएमएस)। 12 जून से इंग्लैंड में खेले जाने वाले महिला टी20 विश्व कप क्रिकेट को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। विश्वकप के 10वां संस्करण में भाग ले रही मेजबान इंग्लैंड सहित सभी टीमें खिताबी जीत के इरादे से उतरेंगी। टूर्नामेंट का पहला मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होगा। इस टूर्नामेंट में शामिल सभी टीमों के पास काफी अच्छी खिलाड़ी हैं पर इस टूर्नामेंट में कई ऐसी गेंदबाज हैं जिनका सामना करना विरोधी टीमों के लिए आसान नहीं रहेगा। इसमें मेजबान टीम की चार्ली डीन सहित पांच गेंदबाज शामिल हैं। चार्ली डीन : इंग्लैंड की स्पिनर चार्ली डीन की टर्न होती गेंदों का सामना करना बल्लेबाजों के लिए काफी कठिन होगा। 51 टी20 मुकाबलों में 67 विकेट इस गेंदबाज के नाम हैं। उनका इकोनॉमी रेट 6.90 की रही है, जो दिखाता है कि विकेट लेने के साथ-साथ रनों पर अंकुश लगाने की उनकी क्षमता काफी अच्छी है। इस विश्व कप में उनका प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए बेहद अहम रखेगा, क्योंकि उनकी स्पिन गेंदबाजी मध्य ओवरों में निर्णायक साबित हो सकती है। एनाबेल सदरलैंड : ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड का प्रदर्शन टी20 क्रिकेट में भी काफी अच्छा रहा है। पिछले टी20 विश्व कप में उन्होंने 15 विकेट लिए थे और वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थीं। अपने 85 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सदरलैंड के नाम 53 विकेट हैं। सदरलैंड न केवल अपनी तेज गेंदबाजी से कहर बरपाती हैं, बल्कि बल्ले से भी महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को मजबूती प्रदान करती हैं। दीप्ति शर्मा : भारतीय टीम की गेंदबाज दीप्ति शर्मा बड़े मुकाबलों काफी अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी हैं। अपने 144 टी20 मुकाबलों के लंबे करियर में इस गेंदबाज के नाम 64 विकेट हैं। दीप्ति बीच के ओवरों में विपक्षी टीम की साझेदारी तोड़ने और मैच का रुख मोड़ने के लिए जानी जाती हैं। गेंदबाज के साथ ही वह निचले क्रम पर एक अच्छी बल्लेबाज भी हैं। शबनम इस्माइल : रिटायरमेंट से वापस लौटने वाली दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज शबनम इस्माइल टी20 विश्व कप में अपनी टीम के लिए फायदमंद साबित हो सकती हैं। इस्माइल अपनी रफ्तार और गति के बल पर शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती हैं। उनकी तेज गति के साथ-साथ हवा में स्विंग करती हुई गेंदें किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर सकती हैं। अमेलिया केर : न्यूजीलैंड टीम की कप्तान अमेलिया केर पर भी सभी की नजरें रहेंगी। उनके लिए यह साल काफी अच्छा गुजरा है। इस साल 11 मुकाबलों में उन्होंने 6.02 की इकोनॉमी से 11 विकेट लिए हैं। अपनी लेग स्पिन से वह कीवी टीम के लिए इस टी20 विश्व कप में अंतर पैदा कर सकती हैं। ईएमएस 10जून 2026