व्यापार
10-Jun-2026


-855 करोड़ का होगा जॉइंट निवेश, रिलायंस की 70 तो मेटा 30 फीसदी हिस्सेदारी होगी नई दिल्ली,(ईएमएस)। मार्क जकरबर्ग की मेटा प्लेटफॉर्म्स और मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भारत और कुछ चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय मार्केट में लामा-बेस्ड एंटरप्राइज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉल्यूशन डेवलप और अप्लाई करने के लिए एक जॉइंट वेंचर का एलान तैयार किया है। इसके लिए शुरुआती तौर पर करीब 855 करोड़ रुपए का जॉइंट निवेश किया जाएगा। इस जॉइंट वेंचर में रिलायंस इंडस्ट्रीज की 70 फीसदी और मेटा की 30 फीसदी हिस्सेदारी होगी। यह जॉइंट वेंचर दो मुख्य प्रोडक्ट पेश करेगा। पहला एंटरप्राइज एआई प्लेटफॉर्म-एज-अ-सर्विस, जो कंपनियों को सेल्स, आईटी, कस्टमर सर्विस और फाइनेंस जैसे कामों के लिए जनरेटिव एआई मॉडल को कस्टमाइज, डिप्लॉय और मैनेज करने की सुविधा देगा। दूसरा, क्रॉस-फंक्शनल और सेक्टर-स्पेसिफिक जरूरतों के लिए पहले से तैयार एआई सॉल्यूशंस का एक सेट पेश किया जाएगा। डील में एक डेटा सेंटर का भी जिक्र किया गया है। रिलायंस 168 एमडब्ल्यू का डेटा सेंटर बनाएगी जिसे मेटा लीज पर लेगी और इसमें क्षमता बढ़ाने का विकल्प भी होगा। यह पार्टनरशिप मेटा के ओपन-सोर्स लामा मॉडल स्टैक और पूरे भारत में हजारों कंपनियों और स्मॉल-मिड बिजनेसों तक रिलायंस की पहुंच का फायदा उठाएगी। यह जॉइंट वेंचर क्लाउड, ऑन-प्रिमाइसेस और अपने खुद के इंफ्रास्ट्रक्चर पर सॉल्यूशन लागू कर सकेगा। रिपोर्ट के मुताबिक इस समझौते के तहत आरआईएल डेटा सेंटर के पूरे लाइफसाइकल के दौरान एंड टू एंड सर्विसेज देगी, जिसमें डिजाइन और कंस्ट्रक्शन से लेकर यूटिलिटीज, रिन्यूएबल पावर सप्लाई, नेटवर्क कनेक्टिविटी और पूरी तरह से मैनेज की जाने वाली ऑपरेशनल सेवाओं का मैनेजमेंट शामिल है। इससे आरआईएल भारत में हाइपरस्केल एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए सिंगल-विंडो सॉल्यूशन प्रोवाइडर बन जाएगी। गुजरात में स्ट्रैटजिक लोकेशन होने के कारण बड़े पैमाने पर ये डेटा सेंटर कई बड़े फायदे लेकर आएगा, जैसे कि डिलीवरी कैपेबिलिटी, रिन्यूएबल एनर्जी, पानी की उपलब्धता, भारत के पश्चिमी सबमरीन केबल लैंडिंग स्टेशनों के पास होना और जियो का बड़ा फाइबर नेटवर्क। यह डेटा सेंटर रिन्यूएबल एनर्जी से चलेगा और खारे समुद्री पानी को मीठा बनाए जाने वाले पानी से ठंडा किया जाएगा, जो आरआईएल और मेटा दोनों की सस्टेनेबिलिटी के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा कि यह पार्टनरशिप हर भारतीय ऑर्गनाइजेशन के लिए एंटरप्राइज-ग्रेड एआई को सुलभ बनाएगी। वहीं मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने कहा कि यह जॉइंट वेंचर लामा मॉडल को असल दुनिया में इस्तेमाल के लिए लाएगा और एंटरप्राइज सेक्टर में मेटा की पहुंच बढ़ाएगा। इस खबर के बीच रिलायंस का शेयर मजबूत हुआ। सिराज/ईएमएस 10जून26