क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


- मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर भड़की कांग्रेस मौन प्रदर्शन कर चुनाव आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा ​गुना (ईएमएस)। मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन अवैधानिक तरीके से रद्द करने का दावा करते हुए कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुना में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शहर के व्यस्ततम हनुमान चौराहे पर एकत्रित होकर चुनाव आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ मौन प्रदर्शन किया और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने इस पूरी कार्रवाई को एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर सीधा आरोप लगाया है। हनुमान चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर जानबूझकर मीनाक्षी नटराजन का फॉर्म निरस्त कराया गया है। मौन प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने तीखा हमला बोलते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश शर्मा (पिंकू) कहा कि भारतीय जनता पार्टी जब कांग्रेस विधायकों को खरीदने और उन पर दबाव डालकर अपने पक्ष में करने की कोशिशों में सफल नहीं हो सकी, तो उन्होंने चुनाव आयोग के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा। भाजपा को इस बात का अच्छे से अहसास हो गया था कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और मीनाक्षी नटराजन बेहद आसानी से चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंच जाएगी। इसी हार के डर से एक गांधीवादी विचारधारा वाली महिला नेता का नामांकन निरस्त करा दिया गया। कांग्रेस ने भाजपा और प्रशासन के इस कदम को घोर महिला विरोधी ठहराया है। हनुमान चौराहे पर जुटे प्रदर्शनकारी नेताओं ने मांग की है कि मीनाक्षी नटराजन का फॉर्म पूरी तरह वैध है, इसलिए निर्वाचन आयोग को इसे तत्काल स्वीकार करते हुए उन्हें चुनाव लड़ने के लिए पात्र घोषित करना चाहिए। कांग्रेस का कहना है कि वे लोकतंत्र की हत्या और विपक्षी उम्मीदवारों के खिलाफ हो रही इस तरह की दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ अपनी लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे। इस अवसर पर हरिशंकर विजयवर्गीय, पंकज कनेरिया, रणबीर कुशवाह, हलीम गाजी, मनीष रघुवंशी, शेखर वशिष्ठ, बीटू रघुवंशी, दीपेश पाटनी, राजू जाटव, बृजलाल जाटव, वीरू खटीक, असीम भटनागर, रामजीवन भार्गव, महेश कुशवाह, अनीस खान अन्नू, संजय जाटव सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे। - सीताराम नाटानी