क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


सरायकेला (ईएमएस)। सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड अंतर्गत लेंगडीह एवं झाबरी गांव में झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने मंगलवार देर रात जमकर उत्पात मचाया। हाथी के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।हाथी ने कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ एक राशन दुकान का दरवाजा तोड़कर उसमें रखे अनाज को भी खा लिया।जानकारी के अनुसार हाथी सबसे पहले लेंगडीह गांव पहुंचा, जहां उसने विरेन महापात्र के खेत में लगी सब्जी की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया।इसके बाद वह झाबरी गांव की ओर बढ़ गया। झाबरी में हाथी ने चंद्रिका प्रसाद सिंह की राशन दुकान का दरवाजा तोड़ दिया और दुकान में रखे अनाज को निवाला बना लिया। इसके अलावा बेनाम माछुआ के केले के पौधों तथा अरुण महतो के कटहल के पेड़ को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि उत्पात मचाने के बाद हाथी झाबरी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पार कर झाबरी जंगल में घुस गया और वहीं डेरा जमाए हुए है।हाथी की मौजूदगी से आसपास के गांवों के लोग भयभीत हैं तथा शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं।बताया जाता है कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है और पिछले कई दिनों से ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में विचरण कर रहा था।मंगलवार देर रात वह काटघोरा और चिरुगोड़ा गांव पहुंचा था।इस दौरान काटघोरा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का दरवाजा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।वहां से निकलकर हाथी चौका थाना क्षेत्र के लेंगडीह और झाबरी गांव पहुंच गया।वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।विभाग द्वारा ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा हाथी के नजदीक नहीं जाने की अपील की गई है।वहीं प्रभावित ग्रामीणों ने फसलों एवं अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। - 10जून/26