क्षेत्रीय
10-Jun-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले में भी राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 का कार्य जारी है। संशोधित कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां अब 15 जून 2026 तक अधिकृत कर्मचारियों के माध्यम से प्राप्त की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि आयोग के पूर्व निर्देशों के अनुसार जिले की नगरीय निकाय एवं पंचायत मतदाता सूचियां 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की गई थीं। इन प्रारूप मतदाता सूचियों पर 15 मई से 25 मई 2026 तक दावे-आपत्तियां प्राप्त की गई थीं। बाद में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यह अवधि बढ़ाकर 15 जून 2026 तक कर दी गई है। स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग ने विधानसभा निर्वाचन एवं स्थानीय निकाय निर्वाचन की मतदाता सूचियों का तुलनात्मक परीक्षण कर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं को स्थानीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची से हटाने के निर्देश दिए हैं। इसी संबंध में मंगलवार को जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की द्वितीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल बनवारिया ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए संशोधित कार्यक्रम सहित मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बैठक में भाजपा के सतेन्द्र धाकड़, आम आदमी पार्टी के त्रिलोचन सिंह, कांग्रेस के एडवोकेट चैन सिंह राजपूत मौजूद थे। बैठक में विधानसभा एवं स्थानीय निकाय मतदाता सूचियों के बीच पाए गए अंतर के कारणों तथा उन्हें कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं को इस कार्य में सक्रिय रूप से शामिल करें। साथ ही प्रारूप मतदाता सूची का परीक्षण कर अपात्र मतदाताओं के विलोपन में प्रशासन का सहयोग करें।