अशोकनगर (ईएमएस)। शहर की त्रिलोकपुरी कॉलोनी में मंगलवार शाम 35 वर्षीय नितेश उर्फ गोलू रघुवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को घर के पीछे तड़पता देख परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने हाल ही में हुए एक विवाद का हवाला देते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता राम सिंह रघुवंशी ने बताया कि दो दिन पहले पैसों के लेनदेन के विवाद में कुछ लोगों ने उनके बेटे गोलू के साथ मारपीट की थी और उसका मोबाइल छीनकर ले गए थे। दरअसल, गोलू को उन लोगों के पैसे चुकाने थे। पिता के अनुसार, गोलू ने उन्हें बताया था कि हमलावर घर आकर माफी मांगने और छीना हुआ मोबाइल लौटाने की बात कह रहे थे, लेकिन वे नहीं आए। परिजनों को संदेह है कि इसी रंजिश के चलते उन्हीं लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। मंगलवार शाम को गोलू की मां ने उसे घर के पीछे गंभीर हालत में तड़पते हुए देखा। आनन-फानन में परिजन उसे ऑटो में बैठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मंगलवार रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी और मुआयना किया था। रात में शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया और बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 10 जून 2026