राज्य
10-Jun-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल निरंतर चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य संवर्धन और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहा है। इसी क्रम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में एम्स भोपाल के शरीर क्रिया विज्ञान (फिजियोलॉजी) विभाग द्वारा बच्चों के लिए विशेष योग एवं वेलनेस कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एम्स भोपाल के आयुष ब्लॉक में आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं स्टाफ के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यशाला कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसका नेतृत्व फिजियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. वरुण मल्होत्रा ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को योग, ध्यान, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यशाला का आयोजन “योग फॉर वेलनेस, विजडम एंड वर्ल्ड पीस” तथा “योग फॉर हेल्दी एजिंग” विषयों के अनुरूप किया गया। कार्यक्रम में एम्स भोपाल के उप निदेशक (प्रशासन) संदेश कुमार जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनके अनुभव जाने तथा उन्हें योग और भारतीय संस्कारों के महत्व के बारे में प्रेरित किया। बच्चों की गतिविधियों और कलाकृतियों की सराहना करते हुए उन्होंने उन्हें जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने का संदेश दिया। उनकी आत्मीय उपस्थिति ने बच्चों और आयोजन टीम का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के सफल संचालन में आयुष विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयुष विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दानिश जावेद ने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जबकि योग प्रशिक्षक विजयता जैन ने बच्चों को विभिन्न योगाभ्यासों और गतिविधियों में मार्गदर्शन दिया। फिजियोलॉजी विभाग की प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष डॉ. रुचि सिंह ने आयोजन के समन्वय और संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह कार्यशाला योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया (वाईएसएस) की शिक्षाओं और मूल्यों के अनुरूप आयोजित की गई। कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक निधि ठक्कर रहीं, जो श्री परमहंस योगानन्द की शिष्या एवं पिछले पंद्रह वर्षों से वाईएसएस से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बच्चों को योग, ध्यान, सकारात्मक सोच और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराया। वाईएसएस स्वयंसेवक डीएसआर पटेल, ईशा और साक्षी ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग दिया। ढाई घंटे तक चले इस कार्यक्रम में बच्चों ने योग आधारित ऊर्जा वर्धक अभ्यास, ध्यान, कहानी-वाचन, समूह चर्चा, योग आधारित खेल तथा चित्रकला गतिविधियों में भाग लिया। “पेंट योर डे” गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और अनुभवों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों और उनके अभिभावकों ने संयुक्त रूप से ध्यान सत्र में भाग लिया, जिससे परिवार और स्वास्थ्य के बीच संबंध को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में ध्यान के बाद बेहतर एकाग्रता, कहानी सत्र में सक्रिय भागीदारी तथा कला गतिविधियों में रचनात्मकता देखने को मिली। यह आयोजन एम्स भोपाल की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके अंतर्गत संस्थान केवल चिकित्सा सेवाओं तक सीमित न रहकर कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा नई पीढ़ी के समग्र स्वास्थ्य और कल्याण को भी प्रोत्साहित करता है। कार्यक्रम का सार उसके प्रेरक संदेश में निहित था— “योग मैट पर छोटे कदम, जीवन में बड़े परिवर्तन।” हरि प्रसाद पाल / 10 जून, 2026