अररिया, (ईएमएस)। अररिया-पूर्णिया मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कुसियार गांव पार्क के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11.30 बजे स्कॉर्पियो लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर चल रहे साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया। स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराई और फिर सामने से आ रही मारुति ब्रेजा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में साइकिल सवार मोहम्मद कोनेन (25), निवासी गैयारी गांव, अररिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो में सवार पूर्णिया जिले के बिशनपुर गांव निवासी मयानंद झा (60), शांति देवी (60) और उनके पुत्र गौतम कुमार झा (49) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शांति देवी और गौतम कुमार मां-बेटे थे, जबकि मयानंद झा उनके देवर थे। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में एक ही परिवार के छह सदस्य सवार थे, जो मधेपुरा जिले के रामनगर में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में स्कॉर्पियो और ब्रेजा में सवार कुल 10 लोग घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि जवाहर झा (60), लक्ष्मी ठाकुर (43), मधुलता देवी (55) समेत अन्य घायलों का इलाज जारी है। घायल जवाहर झा ने बताया कि पूरा परिवार अपने मामा के क्रिया-कर्म में शामिल होने रामनगर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। संतोष झा- १० जून/२०२६/ईएमएस