राज्य
10-Jun-2026


रोहतास, (ईएमएस)। ‎बिहार के रोहतास जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। डेहरी पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के दौरान हीट वेव की चपेट में आने से बीमार हुए प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से पुलिस महकमे और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु सिपाही श्रीराम कुमार का इलाज पटना एम्स में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। मृतक समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के निवासी थे। वह अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे छोटे थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पटना से शव को सासाराम लाया गया, जहां सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद रोहतास पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्यप्रकाश, रोहतास के एसपी रौशन कुमार, एएसपी अतुलेश झा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत जवान को अंतिम सलामी दी। पुलिस लाइन का माहौल शोकाकुल रहा। रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हीट वेव की वजह से जवान की तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, जिला आपदा पदाधिकारी कुमारी प्रेरणा ने कहा कि मामले की सूचना आपदा प्रबंधन विभाग को भी दी गई है। संबंधित विभागों से जानकारी जुटाई जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि मंगलवार को डेहरी पुलिस लाइन में 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण पांच प्रशिक्षु सिपाही बेहोश हो गए थे। इनमें श्रीराम कुमार की हालत सबसे गंभीर थी। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। संतोष झा- १० जून/२०२६/ईएमएस