बिलासपुर (ईएमएस)। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों, शिक्षा, कृषि, ऊर्जा एवं वृक्षारोपण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निराकरण कर आमजन का प्रशासन पर विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले के 32 विभागों द्वारा सुशासन तिहार के तहत प्राप्त 80 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने कहा कि आवेदनों के निपटारे के दौरान संबंधित हितग्राहियों से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। हाल के दिनों में जिले में बढ़ी अग्नि दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि अधिक विद्युत भार और पुरानी वायरिंग आगजनी की प्रमुख वजह बन रही है। उन्होंने विद्युत विभाग को जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए। राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने को कहा गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा में समाधान नहीं होने पर शिकायतें उच्च स्तर पर पहुंच जाएंगी, जिससे विभागीय जवाबदेही प्रभावित होगी। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने नगरीय निकायों और बड़े गांवों में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक परिवारों को योजना का लाभ मिल सके। विभिन्न विभागों में प्रस्तावित भर्तियों की प्रक्रिया को अधिकतम ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने तथा छह माह के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने पर भी जोर दिया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश उत्सव की तैयारी करने, स्कूलों एवं छात्रावासों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं करने को भी कहा। कृषि विभाग की समीक्षा में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा नकली खाद-बीज की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं जुलाई में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान को लेकर सभी विभागों को अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने कहा गया। सुशासन तिहार की स्थिति 0 32 विभागों में आवेदनों का निराकरण जारी 0 80 फीसदी से अधिक मामलों का निपटारा 0 हितग्राहियों से सीधे संपर्क करने के निर्देश अग्नि दुर्घटनाओं पर फोकस 0 ओवरलोड बिजली उपयोग बड़ी वजह 0 पुरानी वायरिंग पर चिंता 0 जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश स्कूल खुलने से पहले तैयारी 0 16 जून से नया सत्र शुरू 0 प्रवेश उत्सव आयोजित होगा 0 पेयजल, शौचालय और सफाई पर जोर 0 जर्जर भवनों में नहीं लगेंगी कक्षाएं किसानों को राहत के निर्देश 0 खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें 0 नकली खाद-बीज पर निगरानी बढ़ेगी 0 सभी समितियों में पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश जुलाई में होगा बड़ा वृक्षारोपण 0 उद्यानिकी विभाग ने तैयार किए 2.5 लाख पौधे 0 वन विभाग के पास 9 लाख पौधे तैयार 0 सभी विभागों को संरक्षण योजना बनाने के निर्देश मनोज राज 10 जून 2026