बिलासपुर (ईएमएस)। खरीफ सीजन के बीच किसानों को खाद-बीज की कमी, डीजल आपूर्ति में दिक्कत और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन मुद्दों को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर (ग्रामीण) एवं जिला किसान कांग्रेस कमेटी (शहर-ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। आंदोलन में हजारों किसान, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक के बाद विशाल रैली निकाली गई। प्रदर्शन की खास बात यह रही कि किसान और नेता बैलगाडयि़ों पर सवार होकर तथा पदयात्रा करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। पूरे रास्ते सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी होती रही। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद सोसायटियों में खाद और बीज की कमी है। प्रति एकड़ एक बोरी खाद की पात्रता का नियम किसानों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन विधानसभा तक पहुंचेगा। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि किसान सुबह उम्मीद लेकर निकलता है, लेकिन शाम तक उसे सिर्फ लंबी लाइनें और प्रशासनिक बहाने मिलते हैं। वहीं मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि ग्रामीण पेट्रोल पंपों पर ट्रैक्टर लाने की अनिवार्यता और जरकिन में डीजल देने पर रोक से किसान परेशान हैं। अघोषित बिजली कटौती ने सिंचाई व्यवस्था को भी प्रभावित किया है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता, टोकन व्यवस्था समाप्त करने, कृषि बिजली मुफ्त करने, खाद की कालाबाजारी रोकने, कृषि ऋण सीमा बढ़ाने और लंबित अनुदान राशि जारी करने की मांग शामिल है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर त्वरित निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में चक्काजाम और जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की खास बातें 0 बैलगाडिय़ों के साथ निकली रैली 0 हजारों किसान और कार्यकर्ता शामिल 0 कलेक्ट्रेट का घेराव कर सौंपा ज्ञापन 9 सूत्रीय मांगों में प्रमुख 0 प्रति एकड़ खाद सीमा समाप्त हो 0 टोकन व्यवस्था बंद हो 0 जरकिन में डीजल देने की अनुमति मिले 0 कृषि बिजली मुफ्त हो खाद-बीज की कमी और किसानों पर लगाए गए प्रतिबंध अस्वीकार्य हैं। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। महेंद्र गंगोत्री, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस ग्रामीण किसान खाद और बीज के लिए भटक रहा है। सरकार को जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं का समाधान करना होगा। अटल श्रीवास्तव, विधायक, कोटा विधानसभा ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद अटल श्रीवास्तव, महेंद्र गंगोत्री, सियाराम कौशिक, राजेंद्र साहू, दिलीप लहरिया, विजय केसरवानी, राजेंद्र शुक्ला, रामशरण यादव, प्रमोद नायक, आत्मजीत मक्कड़, अकील हुसैन, विनय शुक्ला, संतोष बघेल, योगेश यादव, नीरज सोनी सहित कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और हजारों किसान उपस्थित रहे। मनोज राज 10 जून 2026