बरेली (ईएमएस)। यूपी के बरेली जिले के बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति के परिचित समेत तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला का पति रोजगार के सिलसिले में दूसरे शहर गया हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि देर रात उसके पति का एक परिचित अपने दो साथियों के साथ उसके घर पहुंचा। पहले उन्होंने उसके पति के बारे में जानकारी ली और फिर बातचीत के दौरान घर के अंदर प्रवेश कर गए। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती की। शिकायत में कहा गया है कि एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा आरोपी उसका विरोध दबाने में मदद करता रहा। वहीं तीसरा व्यक्ति हथियार लेकर खड़ा रहा और उसे डराता-धमकाता रहा। पीड़िता का यह भी आरोप है कि बाद में दूसरे आरोपी ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि उसने स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बहेड़ी थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कुल तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जितेन्द्र 10 जून 2026