राष्ट्रीय
10-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। ओमान के तट के निकट एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले को लेकर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस हमले में जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 भारतीय अब भी लापता हैं। भारत ने ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर चलाए जा रहे खोज और बचाव अभियान पर लगातार नजर बनाए रखी है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ओमान के तट पर वाणिज्यिक जहाज ‘सेटेबेल्लो’ पर हुआ हमला बेहद चिंताजनक है। मंत्रालय ने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है तथा लापता भारतीयों की तलाश के प्रयास जारी हैं। भारत ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और यह क्षेत्रीय तनाव का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने, संवाद और कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही और व्यापार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट कहा कि नागरिक जहाजों और समुद्री कर्मियों को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप समुद्री सुरक्षा बहाल करने तथा क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है। इस घटना ने एक बार फिर पश्चिम एशिया क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। सुबोध/१०-०६-२०२६