राष्ट्रीय
10-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के केंद्र में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एनडीए कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अपना विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की यात्रा केवल आंकड़ों की कहानी नहीं, बल्कि उस नए भारत की कहानी है जिसने अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश ने पिछले 12 वर्षों में राजनीतिक स्थिरता, सुशासन और विकास का लाभ देखा है। उन्होंने दावा किया कि जो काम पहले दशकों में पूरे होते थे, वे अब महीनों में पूरे होने लगे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वर्ष 2025-26 में देश ने 7.7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल भुगतान, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, जनकल्याणकारी योजनाओं और मध्यम वर्ग के सशक्तीकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है और देश के युवा, महिलाएं तथा किसान विकास यात्रा के केंद्र में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के सहयोगी दलों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से ही पूरा होगा। उन्होंने सभी सहयोगी दलों से आने वाले वर्षों में और अधिक ऊर्जा तथा समर्पण के साथ देश सेवा में जुटने का आह्वान किया। सुबोध/१०-०६-२०२६