क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। कांग्रेस प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने आवास एवं पर्यावरण मंत्री द्वारा बिल्डरों और हाउसिंग सोसायटियों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आवासीय कॉलोनियों में रहने वाले हजारों परिवार मूलभूत सुविधाओं के अभाव और अधूरी परियोजनाओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में केवल बैठकें पर्याप्त नहीं हैं बल्कि ठोस कार्रवाई और जवाबदेही तय की जानी चाहिए। सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि प्रदेश की अनेक आवासीय कॉलोनियों में पेयजल, सड़क, ड्रेनेज, जल निकासी, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी के दौरान पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है और कई कॉलोनियां टैंकरों के भरोसे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यदि बड़ी संख्या में कॉलोनियों में मूलभूत समस्याएं मौजूद हैं तो यह संबंधित विभागों और सरकार की निगरानी व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को नियमित रूप से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। सत्यप्रकाश सिंह ने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि जिन बिल्डरों ने आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना कॉलोनियों का हैंडओवर किया या नियमों का उल्लंघन किया, उनके खिलाफ अब तक कितनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि केवल समीक्षा बैठकों से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। कांग्रेस ने मांग की कि प्रत्येक कॉलोनी की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार समयबद्ध कार्ययोजना जारी करे, जिम्मेदार अधिकारियों और बिल्डरों की जवाबदेही तय करे तथा प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से साझा करे। पार्टी का कहना है कि इससे नागरिकों को राहत मिलेगी और विकास कार्यों में पारदर्शिता आएगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/10 जून 2026