क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना पुलिस ने वर्ष 2025 में हुए 4 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में लगभग सात माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर 2025 को थाना आमानाका क्षेत्र में 4 वर्षीय बालक मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना मिली थी। बालक को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक रूप से मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बालक की मौत गला दबाकर हत्या किए जाने से होना बताया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जयदीप सिंह 27 वर्ष का मृतक बालक की मां के साथ कथित संबंध था और उसका घर में आना-जाना था। पुलिस का दावा है कि आरोपी बालक को अपने संबंधों में बाधा मानता था। इसी वजह से उसने कथित रूप से बालक की हत्या की और घटना के बाद फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। लगातार पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 10 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/10 जून 2026