राज्य
10-Jun-2026
...


:: ग्रामीण हाट में ओडीओपी फसलों और लहरी बाई के दुर्लभ बीजों ने खींचा ध्यान, सुंदरजा आम का चखा स्वाद :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में आयोजित पांच दिवसीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के हिस्से के रूप में मंगलवार को विदेशी प्रतिनिधियों और मेहमानों ने इंदौर के प्रसिद्ध ग्रामीण हाट बाजार का भ्रमण किया। यहाँ मेहमानों ने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के विशिष्ट कृषि उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के नवाचारों को देखा। जैसे ही विदेशी मेहमान ग्रामीण हाट पहुंचे, मालवी परंपरा के अनुसार पारंपरिक पगड़ी पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान जनजातीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्यों ने मेहमानों को इतना आकर्षित किया कि कई विदेशी प्रतिनिधि खुद को रोक नहीं पाए और कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर झूमने लगे। :: रीवा के सुंदरजा आम और बुरहानपुर के केला उत्पादों की सराहना :: भ्रमण के दौरान रीवा जिले के जीआई टैग प्राप्त सुंदरजा आम और अन्य प्रजातियों का स्वाद लेकर विदेशी प्रतिनिधि अभिभूत हो गए। वहीं ओडीओपी के तहत बुरहानपुर जिले के स्टॉल पर केले से बने मूल्य संवर्धित उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मेहमानों ने केले के चिप्स, कुकीज़ और केले के रेशे से बने वस्त्रों को देखकर कृषि आधारित प्रसंस्करण की जमकर तारीफ की। इसके साथ ही बालाघाट के प्रसिद्ध चिन्नौर चावल (जीआई टैग) ने भी सबका ध्यान खींचा। :: मिलेट क्वीन लहरी बाई का दुर्लभ बीज संग्रह रहा केंद्र :: मंडला जिले की मिलेट क्वीन लहरी बाई द्वारा संरक्षित किए गए श्रीअन्न (मिलेट्स) के दुर्लभ बीजों के संग्रह को देखकर ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि हैरान रह गए। इसके अलावा झाबुआ की साठी मक्का, नीमच की औषधीय फसलें और नरसिंहपुर के करेली के पारंपरिक गुड़ के स्टॉल पर भी प्रतिनिधियों ने गहरी रुचि दिखाई। :: चंदेरी-महेश्वरी वस्त्र और हेम्प क्लोदिंग ने किया आकर्षित :: कृषि उत्पादों के साथ-साथ प्रदेश की वस्त्र शिल्प परंपरा भी मेहमानों को भा गई। मृगनयनी के स्टॉल पर सजी चंदेरी, महेश्वरी साड़ियाँ, बाघ प्रिंट और गोंड चित्रकला की विदेशी मेहमानों ने सराहना की। वहीं प्रकृत सिल्क के मलबरी व तसर सिल्क और हेम्प क्लोदिंग के तहत कम पानी में तैयार होने वाले पर्यावरण-अनुकूल टिकाऊ वस्त्रों की विशेषताओं को मेहमानों ने करीब से समझा। :: पारंपरिक खाट पर बैठकर लिया मालवी नाश्ते का आनंद :: विदेशी मेहमानों को विशुद्ध ग्रामीण जीवनशैली का अनुभव कराने के लिए हाट बाजार में पारंपरिक खाटों (चारपाई) की बैठक व्यवस्था की गई थी। प्रतिनिधियों ने यहाँ स्थानीय कृषि उत्पादों से तैयार पारंपरिक नाश्ते और व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम, जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, स्मार्ट सिटी सीईओ अर्थ जैन सहित कृषि विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे। प्रकाश/10 जून 2026