राष्ट्रीय
11-Jun-2026


-बीजेपी नेता नकवी ने टीएमसी में पड़ी फूट को लेकर कसा तंज नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने तृणमूल कांग्रेस में पड़ी फूट को लेकर कहा कि जब से ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी को टीएमसी में जिम्मेदारी मिली है, पार्टी में टकराव और कंफ्यूजन नजर आने लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नकवी ने कहा कि दोस्त-दोस्त न रहा, प्यार-प्यार न रहा, सारे भेद खुल गए, राजदार न रहा। जो दीदी का घर था, वो जब से भतीजे का घरौंदा बना, तब से उसमें टकराव और कन्फ्यूजन भी दिखाई पड़ता है। उन्होंने कहा कि टीएमसी को आत्मचिंतन करना होगा कि किस तरह अंहकार, अराजकता और अति-आत्मविश्वास उन्हें समाप्त कर रहा है। टीएमसी के कांग्रेस में विलय की चर्चाओं पर नकवी ने कहा कि झटके पर झटका खाने के बाद अगर कोई डूबते हुए जहाज पर बैठने की कोशिश करेगा तो यह उसकी अपनी इच्छा है। कांग्रेस की स्थिति यह है कि हम तो डूबे हैं साथी तुम्हें भी ले डूबेंगे। अब इनका बसेरा डूबता हुआ जहाज है तो मेरा यही कहना है कि जल्द ठीक हो जाएं। दिल्ली में कांग्रेस की बैठक पर नकवी ने कहा कि कांग्रेस अच्छी तरह समझ चुकी है कि सत्ता पर जन्म सिद्ध अधिकार वाला गुरूर चकनाचूर हो चुका है। पीएम मोदी के 12 साल के सफल कार्यकाल से कांग्रेस को और बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस को यह भी समझ में आ चुका है कि अगले 20-25 सालों तक केंद्र में कोई जगह खाली नहीं है। फिर भी कांग्रेस को प्रयास करने देते हैं। वहीं नकवी ने पीएम मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक को लेकर कहा कि पीएम मोदी लगातार बिना रुके और थके सभी क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। वे कार्यों की समीक्षा भी करते हैं। धर्मांतरण रोकथाम सेल के मुद्दे पर नकवी ने कहा कि डराकर, फंडिंग या दबाव वाला धर्मांतरण का धंधा रोका जाना जरूरी है। आज के समय में अवैध धर्मांतरण के खिलाफ उपाय किए जाने की जरूरत है। सिराज/ईएमएस 11जून26