राष्ट्रीय
11-Jun-2026


-किसानों को खाद और बीज उपलब्ध न होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा भोपाल,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किसानों को खाद और बीज उपलब्ध न होने पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का गरीब, कर्जदार किसान तो आज भी खाद, बीज, सिंचाई, उचित मूल्य, बढ़ते कर्ज के संकट से जूझ रहा है। उन्होंने एक्स पर किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए लिखा- राज्य के अशोकनगर, सिवनी, विदिशा, गुना, राजगढ़ जैसे कई जिलों में किसान आधी रात से खाद के लिए लाइन लग रहे हैं, ई-टोकन के लिए रातभर जाग रहे हैं, बोवनी के समय में खाद-बीज की किल्लत झेल रहे हैं। पीएम मोदी द्वारा किसानों की स्थिति में आ रहे बदलाव की बात पर जीतू पटवारी ने कहा कि मेरी समझ से यह परे है कि आप कौन-से देश के किसानों की समृद्धि की तस्वीर बता रहे हैं, क्योंकि मध्य प्रदेश का गरीब, कर्जदार किसान तो आज भी खाद, बीज, सिंचाई, उचित मूल्य, बढ़ते कर्ज के संकट से जूझ रहा है। पटवारी ने किसान क्रेडिट कार्ड, बीमा, पीएम-किसान सम्मान निधि पर सवाल उठाया और कहा कि जब डीजल, खाद, बीज और कृषि लागत रोजाना और लगातार बढ़ रही है तो किसानों की वास्तविक आय क्यों नहीं बढ़ रही है? उन्होंने किसान आत्महत्या को लेकर कहा कि देश में किसान, कृषि मजदूर आत्महत्याओं का संकट भी चिंता का विषय है। राष्ट्रीय आंकड़े बताते हैं कि 2023 में खेती-किसानी से जुड़े आत्महत्या के मामलों में वृद्धि हुई है। किसान सम्मान निधि की छह हजार रुपए की सालाना सहायता ऊंट के मुंह में राई है, क्योंकि यह राशि बढ़ती कृषि लागत, महंगी खाद, बिजली, सिंचाई और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई नहीं कर पा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर पटवारी ने कहा कि किसान को अब भाषण नहीं, समय पर खाद चाहिए। सरकारी प्रचार नहीं, उपज का लाभकारी मूल्य चाहिए। किसान को हैशटैग नहीं, खेती की गारंटी चाहिए। सीएम मोहन यादव भी राज्य के इस जमीनी सच से इनकार नहीं कर सकते कि जब तक खेत की मेड़ पर खड़ा किसान समृद्ध नहीं होगा, तब तक सोशल मीडिया पर लिखी गई किसान समृद्धि झूठी ही मानी जाएगी। सिराज/ईएमएस 11जून26