राज्य
11-Jun-2026
...


आंधी-बारिश से मंडी में रखा हजारों क्विंटल अनाज भीगा जबलपुर, (ईएमएस)। शहपुरा-भिटोनी स्थित कृषि उपज मंडी में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों को बड़ा झटका दे दिया। अचानक बदले मौसम के कारण मंडी परिसर में खुले स्थानों और शेड के नीचे रखा हजारों क्विंटल मूंग और उड़द का अनाज भीग गया। सालभर की मेहनत से तैयार फसल खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं भीगे हुए अनाज की खरीदी को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। किसानों का कहना है कि उनकी उपज की नीलामी पूरी हो चुकी थी, भाव तय कर दिए गए थे और तौल के साथ पर्चियां भी जारी कर दी गई थीं। इसके बावजूद बारिश के बाद व्यापारी अनाज लेने से पीछे हट रहे हैं। किसानों का आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद फसल की जिम्मेदारी मंडी प्रशासन और व्यापारियों की बनती है, लेकिन अब उन्हें नुकसान के साथ अकेला छोड़ दिया गया है। तौल के बाद जिम्मेदारी पर बढ़ा विवाद …… बारिश के बाद व्यापारियों ने केवल सूखे अनाज की खरीदी करने की बात कही है। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। दूर-दराज के गांवों से अपनी उपज लेकर आए किसान भीगी हुई बोरियों के बीच खड़े होकर नुकसान का आकलन करते नजर आए। किसानों को आशंका है कि यदि अनाज खरीदा भी गया तो उसकी गुणवत्ता खराब बताकर कम कीमत दी जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंडी प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी। अब किसान यह सोचकर चिंतित हैं कि भीगे हुए अनाज को सुखाने और वापस ले जाने की व्यवस्था कैसे होगी। व्यापारियों ने रखी अपनी दलील ……… वहीं व्यापारियों का कहना है कि तेज बारिश के कारण बड़ी मात्रा में अनाज गीला हो गया है और कई जगह उसका रंग भी प्रभावित हुआ है। उनके अनुसार इन दिनों मंडी में नई मूंग और उड़द की भारी आवक बनी हुई है। ऐसी स्थिति में गीले अनाज में फफूंद और कीट लगने का खतरा रहता है। व्यापारियों का कहना है कि अनाज के सूखने और उसकी गुणवत्ता की जांच के बाद ही तौल और भुगतान की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी। हालांकि किसानों का कहना है कि इस विवाद का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। सुनील साहू / शहबाज / 11 जून 2026/ 05.59