राज्य
11-Jun-2026
...


पटना, (ईएमएस)। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को बयान जारी कर बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव एवं उपचुनाव में एनडीए की ओर से निर्विरोध निर्वाचित होने वाले सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को हार्दिक बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च सदन के सभी सम्मानित सदस्य एनडीए की विकासपरक नीतियों, सुशासन के सिद्धांतों और जनकल्याण के संकल्पों को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे तथा श्री नीतीश कुमार के सपनों के ‘‘विकसित बिहार’’ के निर्माण में अपना महती योगदान सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत के उच्च सदन के सदस्य के रूप में निर्वाचित होने पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व हर्ष और उत्साह का संचार हुआ है। श्री निशांत जैसे अत्यंत योग्य, कुशल, सांगठनिक क्षमता से परिपूर्ण और जन.सरोकारों के प्रति संवेदनशील युवा का उच्च सदन में पहुँचना निश्चित रूप से बिहार की राजनीति को एक नया आयाम देगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की ओर से नवनिर्वाचित 4 सदस्यों में से 3 सदस्य अतिपिछड़ा समाज से आते हैं, जिनमें दो महिला प्रतिनिधि शामिल हैं। इस प्रकार पार्टी ने अपने निर्णयों में अतिपिछड़ा वर्ग को 75 प्रतिशत और आधी आबादी यानी महिलाओं को 50 प्रतिशत की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित की है, जो इस बात का अकाट्य प्रमाण है कि श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमारी पार्टी के लिए ‘‘सामाजिक न्याय’’ और ‘‘महिला सशक्तिकरण’’ केवल चुनावी नारे नहीं हैं, बल्कि हमने इन मूलमंत्रों को अपने संस्कारों और व्यवहार में पूरी तरह आत्मसात किया है। संतोष झा- ११ जून/२०२६/ईएमएस