मोहम्मदपुर गौंती गांव पहुंचीं सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल - सपा नेता अब्दुल राफ़े के घर पहुंची विधायक - विकास और 2027 चुनाव पर हुई चर्चा फतेहपुर (ईएमएस)। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर गौंती में गुरुवार को सिराथू विधानसभा की विधायक डॉ पल्लवी पटेल पहुंचीं। उनके आगमन पर क्षेत्रीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने युवा समाजवादी नेता एवं सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव अब्दुल राफे के आवास पर आयोजित बैठक में ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्रीय विकास, जनसमस्याओं और आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर चर्चा की। बैठक के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए तथा उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। इस दौरान सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने गौंती पुल से टांडा मार्ग के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि यह मार्ग कौशांबी जिले की सिराथू विधानसभा और फतेहपुर जिले की हुसैनगंज विधानसभा को जोड़ता है, लेकिन सड़क की स्थिति खराब होने से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विधायक ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर मामला उठाने का आश्वासन दिया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भी राजनीतिक चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने संगठन की मजबूती तथा जनसंपर्क बढ़ाने पर अपने विचार रखे। विधायक ने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर अब्दुल राफे, अब्दुल काफी, मानसिंह, प्रेमसिंह, अतुल यादव, अजय गौतम, डॉ. मनोज, कुंवारी रानी परी यादव, मुस्तफीज अहमद, शहादत अली सहित लगभग आधा सैकड़ा लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शीबू खान/ ईएमएस 11 जून, 2026