महादेव का अलौकिक श्रंगार किया गया। शाजापुर (ईएमएस)। पवित्र अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के उपलक्ष्य में स्थानीय धानमंडी स्थित प्राचीन एवं श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में इन दिनों भक्ति का अनूठा माहौल देखा जा रहा है। इसी कड़ी में मंदिर में भगवान भोलेनाथ का एक अत्यंत ही दिव्य और अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। अधिक मास के विशेष योग पर मंदिर पुजारी पंडित ओमप्रकाश गोस्वामी द्वारा भगवान ओंकारेश्वर महादेव का भात से विशेष श्रृंगार किया गया। पुजारी ने अपनी अनूठी कला और अगाध श्रद्धा से महादेव के शिवलिंग को साक्षात भवानी स्वरूप में परिवर्तित कर दिया। श्रृंगार में माता भवानी के मुखमंडल, त्रिनेत्र और आभूषणों को भात एवं प्राकृतिक रंगों के माध्यम से इतनी सूक्ष्मता से उकेरा गया कि साक्षात देवी प्रतिमा के दर्शन की अनुभूति हो रही थी। शाम की महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय माता दी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर समिति के अनुसार, अधिक मास के चलते पूरे महीने मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान, अभिषेक और विशेष श्रृंगार के आयोजन अनवरत जारी रहेंगे। आरती के पश्चात उपस्थित भक्तों को बाबा के इस अलौकिक रूप के महाप्रसाद का वितरण भी किया गया। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 11जून 2026