क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के कार्यों की समीक्षा की बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना ने बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय गतिविधियों का विस्तार से मूल्यांकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में खाद्य सुरक्षा के अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप, खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे, वाजिद मोहिब तथा गीता टांडेकर उपस्थित रहीं। बैठक के दौरान जिले में खाद्य सुरक्षा संबंधी कार्यवाहियों, खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, नमूना संग्रहण तथा न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे खाद्य सामग्री के विक्रय एवं भंडारण से जुड़े प्रतिष्ठानों का नियमित एवं व्यापक निरीक्षण करें तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए बाजार में उपलब्ध खाद्य सामग्री की नियमित जांच आवश्यक है। कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अधिक से अधिक न्यायालयीन प्रकरण दर्ज किए जाएं, ताकि खाद्य सुरक्षा कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। समीक्षा के दौरान न्यायालयीन प्रकरणों की संख्या अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निरीक्षण और कार्रवाई की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार विश्वकर्मा द्वारा खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रकरणों की पोर्टल पर समय पर प्रविष्टि नहीं करने, न्यायालयीन प्रकरण तैयार नहीं करने तथा समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया गया। कलेक्टर ने उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। इसी प्रकार औषधि निरीक्षक स्वप्निल सिंह के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश प्रदान किए। भानेश साकुरे / 11 जून 2026