क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 11 जून को नगर पालिका परिषद मलाजखंड द्वारा जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में बैहर एसडीएम अर्पित गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश बाघमारे तथा नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। शिविर के दौरान नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों द्वारा पेयजल, स्वच्छता, सडक़, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, राजस्व, आवास, पेंशन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। शिविर में कुल लगभग 75 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका पंजीयन कर संबंधित विभागों को निराकरण हेतु भेजा गया। एसडीएम अर्पित गुप्ता ने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए नगर पालिका अमले को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है, इसलिए किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सीएमओ दिनेश बाघमारे ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव है, उन्हें प्राथमिकता से हल किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से नगर विकास एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सहयोग करने की अपील भी की। शिविर के माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन द्वारा उनके बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने और समाधान की पहल की सराहना की। भानेश साकुरे / 11 जून 2026