क्षेत्रीय
11-Jun-2026


भजनों पर झूमे भक्त --रूदायन रोड पर श्रीमद़भागवत कथा सुनाते कथा व्‍यास हाथरस (ईएमएस)। सासनी-रुदायन मार्ग स्थित विवाह वन गेस्ट हाउस में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा व्यास सुप्रसिद्ध परम पूजनीय दीनबंधु दास जी महाराज ने अपनी मधुर और ओजस्वी वाणी से उपस्थित भक्तों को भागवत महात्म्य का रसपान कराया। गुरूवार को व्यासपीठ से कथा का महत्व बताते हुए पूज्य महाराज श्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण साक्षात हरि कृपा से ही सुलभ होता है। इसके श्रवण मात्र से मनुष्य के कई जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं और जीव को मोक्ष की प्राप्ति होती है। महाराज जी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज की इस भागदौड़ और भौतिकतावादी जिंदगी में इंसान ईश्वर भक्ति से दूर होता जा रहा है। जबकि सांसारिक मायाजाल में भटक रहे मनुष्य को वास्तविक और स्थाई शांति केवल प्रभु के चरणों में ही मिल सकती है। कथा के दौरान महाराज श्री द्वारा गाए गए सुमधुर भजनों और मार्मिक प्रसंगों को सुनकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और तालियां बजाकर झूमने लगे। इससे पूर्व मुख्य यजमान राजा परीक्षित की भूमिका निभा रहे रामस्वरूप शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी शांति देवी शर्मा ने आचार्य के सानिध्य में सविधि पोथी पूजन और दिव्य आरती संपन्न की। यज्ञपति राजकुमार शर्मा सहित अन्य प्रमुख भक्तों ने भी व्यासपीठ का आशीर्वाद लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।इस धार्मिक अनुष्ठान में सासनी नगर सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीण अंचलों से सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर सुमधुर महाआरती की गई, जिसके बाद सभी उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 11 जून 2026