--विरोध करते स्थानीय हाथरस (ईएमएस)। मुरसान ब्लॉक की ग्राम पंचायत कपूरा में चल रहा नाली निर्माण कार्य ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन माह से अधिक समय से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है।ग्रामीणों के अनुसार पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से ठेकेदार के माध्यम से कराए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे खुदाई कर गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ठेकेदार से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और खुदाई वाले स्थानों को समतल कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके अलावा ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग का भी आरोप लगाया है।ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 11 जून 2026