- सेंसेक्स 900 अंक उछला, निफ्टी 23,450 के पार मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को दमदार बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। खास तौर पर अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की खबर से बाजार में उत्साह का माहौल दिखा, जिससे प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में ही शानदार तेजी दर्ज करते हुए चढ़ गए। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 967.34 अंक की मजबूती के साथ 74,799.89 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी50 भी 275.85 अंक की बढ़त के साथ 23,437.45 पर कारोबार कर रहा था। वहीं गुरुवार को कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 150.63 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। इस गिरावट के बाद सेंसेक्स 73,832.55 के स्तर पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी इस सुस्ती से अछूता नहीं रहा। निफ्टी में 53.35 अंकों की कमजोरी देखी गई, जिसके बाद यह 23,161.60 के स्तर पर बंद हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि वॉशिंगटन और तेहरान एक महत्वपूर्ण समझौते पर सहमत हो गए हैं, जिसका अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। उन्होंने जल्द हस्ताक्षर की उम्मीद जताई, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य दोबारा खुलने की संभावना बढ़ी। इस खबर ने वैश्विक स्तर पर निवेशकों की धारणा को मजबूत किया और इसका सीधा असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा, जिससे खरीदारी तेज हुई। निफ्टी50 में लार्सन एंड टुब्रो, श्रीराम फाइनेंस और इंटरग्लोब एविएशन जैसे दिग्गजों ने सबसे ज्यादा बढ़त हासिल की। बाजार की चौड़ाई भी मजबूत रही, जिसमें निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 1.38 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.61 फीसदी चढ़े, जो व्यापक बाजार में खरीदारी का संकेत था। सेक्टोरल इंडेक्स में रियल्टी, ऑटो और मीडिया शेयरों में सबसे तेज उछाल देखा गया। दूसरी ओर, आईटी, हेल्थकेयर और फार्मा जैसे सेक्टर अन्य क्षेत्रों की तुलना में कमजोर प्रदर्शन करते हुए पीछे रहे। सतीश मोरे/12जून ---