राज्य
12-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के गोविंदपुरी में देर रात एक 5 मंजिला मकान में लगी भीषण आग एक परिवार के लिए काल बन गई। इस हादसे में जहां मां-बेटे और बेटी की मौत हो गई। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को बड़ा गहरा जख्म दे दिया। आग की इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की आग में झुलसकर मौत हो गई, जबकि परिवार की दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय पंकज, उसकी 50 वर्षीय मां गुड्डी और 20 वर्षीय बहन सोनी के रूप में हुई है। घटना के वक्त तीनों तुगलकाबाद गांव स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर मौजूद थे, जब रात के समय अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के सदस्य उसकी चपेट में आ गए। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पंकज, उसकी मां और बहन को बचाया नहीं जा सका। हादसे में पंकज की 18 वर्षीय बहन मोनी और उसकी करीब 70 वर्षीय नानी भी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद अब परिजनों की निगाहें मोनी और उसकी नानी के स्वास्थ्य पर टिकी हुई हैं। दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 2:25 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया गया। राहत दल ने इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/जून/2026