नई दिल्ली (ईएमएस)। स्कूल छोड़ने वाले छात्रों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने के लिए दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा निदेशालय ने नौवीं में एक से अधिक बार असफल या कंपार्टमेंट आने वाले छात्रों की पहचान कर उनकी और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग करने को कहा है। इसका उद्देश्य ऐसे छात्रों को पढ़ाई से जुड़ा रखना और उन्हें शिक्षा व्यवस्था से बाहर होने से बचाना है। नौवीं के कंपार्टमेंट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि वे जोखिम वाले छात्रों और उनके परिवारों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें। स्कूल प्रधानाचार्यों को छात्रों और अभिभावकों को बैठक के लिए आमंत्रित कर सहयोगात्मक और सकारात्मक माहौल में चर्चा करने को कहा गया है, ताकि छात्र अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित हों। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/जून/2026