-सूचना पर पहुंची विशेषज्ञों की टीम, सुरक्षित रूप से बाहर निकाला नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय नौसेना ने एक कच्चे तेल के टैंकर पर मौजूद बिना फटे वाले मिसाइल वारहेड को बरामद कर सुरक्षित रूप से निस्तारित कर दिया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले महीने ओमान के तट के नजदीक इस तेल टैंकर ने ढांचे में विस्फोट की सूचना दी थी और उसके बाद कोच्चि को बढ़ गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला टैंकर ‘एमटी ओलंपिक लाइफ’ संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह बंदरगाह से कोच्चि आ रहा था, तभी 26 मई को ओमान के तट के पास उसके निचले हिस्से में धमाके की सूचना मिली। इस टैंकर पर कोई भी भारतीय नागरिक सवार नहीं था। प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद, कोच्चि की ओर अपनी यात्रा जारी रखते हुए जहाज ने बिना फटे आयुध के होने की सूचना दी। कोच्चि स्थित भारतीय नौसेना के दक्षिणी कमान ने स्थिति का जायजा लेने के लिए विस्फोटक निस्तारण की एक विशेषज्ञ टीम तैनात की। टीम ने पुष्टि की है कि एक मिसाइल वारहेड जहाज के ढांचे को भेद कई संरचनात्मक कक्षों से होकर गुजरा और एक ईंधन टैंक के अंदर फंस गया। प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, ईओडी टीम ने विस्फोट तंत्र की पहचान करने और उसे अलग करने के लिए उन्नत नैदानिक विधियों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद सुरक्षित रूप से आयुध और उससे जुड़े मलबे को बाहर निकाला। बरामद किए गए मिसाइल वारहेड को सुरक्षित रखने और उसकी विस्तृत जांच के लिए सुरक्षित जगह पर भेजा है। सिराज/ईएमएस 12जून26