-अमेरिकी शीर्ष राजनयिक को फिर किया तलब, चिंता और विरोध कराया दर्ज नई दिल्ली,(ईएमएस)। ओमान तट के निकट व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के कार्यकारी राजदूत को फिर तलब कर चिंता और विरोध दर्ज कराया है। भारत ने गुरुवार को एक अन्य व्यापारिक जहाज पर हुए हमले के बाद यह कदम उठाया गया, जिसमें 20 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक अमेरिकी राजनयिक को मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) के समक्ष बुलाया गया। हाल के दिनों में यह दूसरी बार है जब भारत ने ओमान तट पर जहाजों की सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रम पर अमेरिकी पक्ष के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। अमेरिकी हमले में लापता हुए तीनों भारतीय क्रू सदस्यों की मृत्यु हो चुकी है। इस घटना ने भारत की चिंता को और बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक गुरुवार रात भी जेसन मीक्स को विदेश मंत्रालय में बुलाया गया था। उस समय भारत ने ओमान तट के पास एक टैंकर पर हुए हमले को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। उसी घटना में तीन भारतीय चालक दल के सदस्य लापता हुए थे, जिन्हें अब मृत घोषित कर दिया गया है। भारत ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की निर्बाध आवाजाही और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इस तरह की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित भारतीय नागरिकों तथा उनके परिवारों के संपर्क में है। सिराज/ईएमएस 12जून26