मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क (कस्टम्स) विभाग ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। खबर है कि बैंकॉक से मुंबई पहुंची 29 वर्षीय युवती हर्षा सनी को 11.824 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (हाइड्रोपोनिक वीड) के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ 82 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि हर्षा सनी एक प्रतिष्ठित निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत है। इसके अलावा वह ग्लैमर इंडस्ट्री से भी जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि उसने पिछले वर्ष आयोजित एक नामी ब्यूटी पेजेंट में रनर-अप का खिताब भी हासिल किया था। इस वजह से उसकी गिरफ्तारी ने जांच एजेंसियों के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है। कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, हर्षा सनी कल तड़के करीब 4 बजे बैंकॉक से मुंबई एयरपोर्ट पहुंची थी। नियमित जांच के दौरान अधिकारियों को उसकी गतिविधियां और यात्रा प्रोफाइल संदिग्ध लगीं। इसके बाद पैसेंजर प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे विस्तृत जांच के लिए रोका गया। एनडीपीएस कानून के प्रावधानों के तहत एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई, लेकिन उसके शरीर से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद अधिकारियों ने उसके सामान की गहन जांच की। जांच के दौरान उसकी ट्रॉली बैग में बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए 12 वैक्यूम-सीलबंद पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उनमें हरे रंग का उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा मिला। एनडीपीएस फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर पुष्टि हुई कि बरामद पदार्थ गांजा ही है। कुल बरामद ड्रग्स का वजन 11.824 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11.82 करोड़ रुपये आंकी गई है। - एनडीपीएस कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में गिरफ्तारी के बाद कस्टम्स विभाग ने हर्षा सनी को एनडीपीएस अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसियों ने अदालत को बताया कि मामला अभी शुरुआती जांच के चरण में है और इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है। - युवती का दावा- बैग में क्या था, मुझे पता नहीं था मामले में आरोपी की ओर से पेश वकील प्रभाकर त्रिपाठी ने अदालत में दावा किया कि उनकी मुवक्किल को बैग में रखे सामान की कोई जानकारी नहीं थी। वकील के अनुसार, हर्षा सनी बैंकॉक घूमने और नेल-आर्ट तथा मॉडलिंग के क्षेत्र में करियर की संभावनाएं तलाशने गई थी। वहां उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने उसका विश्वास जीतकर उसे भारत तक एक बैग पहुंचाने के लिए दिया। बचाव पक्ष का कहना है कि युवती को यह बिल्कुल पता नहीं था कि बैग में कोई प्रतिबंधित या अवैध सामग्री रखी गई है और वह कथित तौर पर तस्करों के जाल में फंस गई। - अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क की जांच जारी कस्टम्स और अन्य जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद ड्रग्स का अंतिम गंतव्य क्या था, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या यह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही हैं। संजय/संतोष झा- १२ जून/२०२६/ईएमएस