शुजालपुर (ईएमएस)। विकासखंड स्तरीय बीपीएमयू बैठक का आयोजन गुरुवार को बीआरसीसी कार्यालय शुजालपुर में बीआरसीसी सुरेन्द्र गोयले की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में जनशिक्षकों, बीएसी तथा मिशन अंकुर प्रभारियों ने सहभागिता करते हुए नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों एवं एफएलएन गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में मेंटरिंग विजिट, एफएलएन सामग्री के प्रभावी उपयोग, टीचर गाइड (टीजी) के नियमित क्रियान्वयन तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी जनशिक्षकों को मेंटरिंग ऐप पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत विजिट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान कक्षा-1 में नामांकन एवं उपदेशन, अपार आईडी निर्माण, पाठ्यपुस्तक वितरण, चाइल्ड ट्रैकिंग ऐप, जादुई पिटारा तथा एफएलएन सामग्री के उपयोग की प्रगति की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने विद्यालय भ्रमण के दौरान ब्लॉक टीम के साथ साप्ताहिक वीडियो कॉलिंग के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ योजना के क्रियान्वयन एवं विद्यार्थियों के अधिगम स्तर की नियमित निगरानी पर जोर दिया। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों, एक पेड़ माँ के नाम अभियान, आरएसके सत्यापन, स्वच्छ विद्यालय गतिविधियों तथा एफएलएन के 14 बिंदुओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी समीक्षा की गई। साथ ही सी-ग्रेड विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने तथा सीखने में पिछड़ रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित मूल्यांकन एवं विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सतत सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्णय लिया गया। कमल पुष्पद, 12 जून, 2026