:: आनंद बैस के धैर्यपूर्ण अर्धशतक और कप्तान सारांश जैन की फिरकी के आगे रीवा जगुआर ने घुटने टेके :: इंदौर (ईएमएस)। रॉयल निमाड़ ईगल्स ने मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के 20वें मुकाबले में रीवा जगुआर को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी निरंतरता बरकरार रखी है। डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस रोमांचक मैच में निमाड़ ईगल्स ने दबाव के पलों में संयम दिखाते हुए 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी निमाड़ ईगल्स ने रीवा जगुआर पर शुरुआत से ही शिकंजा कस लिया। रीवा की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर मात्र 130 रन ही बना सकी। रीवा के लिए मो. अरहम अकील और अथर्व महाजन ने 33-33 रन बनाए। कप्तान सारांश जैन ने 18 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि देवेंद्र सिंह कठैत ने 20 रन देकर 2 विकेट झटके। 131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए निमाड़ ईगल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 11 रन पर 3 विकेट गंवाकर संकट में थी। इसके बाद आनंद बैस ने 56 गेंदों में 64 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। कप्तान सारांश जैन ने 28 रन बनाकर उनका बखूबी साथ निभाया। अंत में अभिषेक मावी के छक्के से ईगल्स ने जीत सुनिश्चित की। आनंद बैस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: संक्षिप्त स्कोर :: रीवा जगुआर : 130/8 (20 ओवर) (मो. अरहम अकील 33, अथर्व महाजन 33; सारांश जैन 3/18, देवेंद्र सिंह कठैत 2/20) रॉयल निमाड़ ईगल्स : 136/7 (19.3 ओवर) (आनंद बैस 64, सारांश जैन 28; रामवीर गुर्जर 3/31) प्रकाश/12 जून 2026