:: संदीप सिंह की धारदार गेंदबाजी और शुभम शर्मा का अर्धशतक; चंबल घड़ियाल्स ने एकतरफा मुकाबले में भोपाल लीपर्ड्स को दी शिकस्त :: इंदौर (ईएमएस)। चंबल घड़ियाल्स ने मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के 21वें मुकाबले में भोपाल लीपर्ड्स को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में चंबल के गेंदबाजों ने भोपाल के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भोपाल लीपर्ड्स की शुरुआत बेहद खराब रही। चंबल के तेज गेंदबाज संदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनके सामने भोपाल के बल्लेबाज टिक नहीं सके और टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर मात्र 142 रन ही बना पाई। भोपाल के लिए तनिष्क यादव ने 38 और अंश बगाडिया ने 34 रन का योगदान दिया। 143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबल की शुरुआत भी लड़खड़ा गई थी, लेकिन शुभम शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए नाबाद 52 रन बनाए। उन्हें अपूर्व द्विवेदी (26) और अंत में अमन भदौरिया (22*) का अच्छा साथ मिला। चंबल ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। संदीप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: संक्षिप्त स्कोर :: भोपाल लीपर्ड्स : 142/9 (20 ओवर) (तनिष्क यादव 38, अंश बगाडिया 34; संदीप सिंह 4/17) चंबल घड़ियाल्स : 144/5 (19.1 ओवर) (शुभम शर्मा 52*, अपूर्व द्विवेदी 26; कमल त्रिपाठी 2/18) प्रकाश/12 जून 2026