:: शुभम राठौर की आतिशी बल्लेबाजी और शिवम-वेंकटेश की घातक गेंदबाजी से इंदौर की शानदार जीत :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के 22वें मुकाबले में इंदौर पिंक पैंथर्स ने बुंदेलखंड बुल्स को 25 रनों से परास्त किया। होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंदौर के बल्लेबाजों ने रनों का पहाड़ खड़ा किया, वहीं उनके गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से विपक्षी टीम के इरादों को ध्वस्त कर दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। एक समय टीम दबाव में थी, लेकिन तभी प्लेयर ऑफ द मैच शुभम राठौर ने पारी की बागडोर संभाली। शुभम ने महज 19 गेंदों में नाबाद 42 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम के स्कोर को तेजी से गति प्रदान की, जिससे इंदौर 172 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा कर सका। उनकी इस पारी में 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे। कप्तान वेंकटेश अय्यर (32) और सिद्धार्थ पाटीदार (28) ने भी उपयोगी योगदान दिया। बुंदेलखंड की तरफ से कुलदीप सेन ने 3 विकेट चटकाए। 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की टीम इंदौर के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी। इंदौर के लिए शिवम शुक्ला और कप्तान वेंकटेश अय्यर ने घातक गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए बुंदेलखंड के बल्लेबाजों को बांधे रखा और महत्वपूर्ण अंतराल पर विकेट झटके। पूरी टीम 20 ओवर में 147 रनों पर सिमट गई। रुद्रांश सिंह (37) और अभिषेक पाठक (29) ने जीत की कोशिश जरूर की, लेकिन इंदौर के अनुशासित आक्रमण के सामने उन्हें हार स्वीकार करनी पड़ी। :: संक्षिप्त स्कोर :: इंदौर पिंक पैंथर्स : 172/8 (20 ओवर) (शुभम राठौर 42*, वेंकटेश अय्यर 32; कुलदीप सेन 3/29, हर्षित परसाई 2/31) बुंदेलखंड बुल्स : 147/10 (20 ओवर) (रुद्रांश सिंह 37, अभिषेक पाठक 29; शिवम शुक्ला 3/38, वेंकटेश अय्यर 3/18) प्रकाश/12 जून 2026