खेल
12-Jun-2026
...


:: अभय प्रशाल में हुआ मुकाबलों का आगाज़; सिविल जज अमित प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ शुभारंभ :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में सत्र की द्वितीय इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा का शुक्रवार से अभय प्रशाल में शानदार आगाज़ हुआ। स्पर्धा के पहले दिन बालक-बालिका वर्ग के शुरुआती दौर के मुकाबले खेले गए, जिसमें रेयांश भंडारी, भव्यंशी सोनी, ध्रुवेश लोकरे और ईवा खान जैसे प्रमुख खिलाड़ियों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता के प्रारंभिक दौर के रोमांचक मुकाबलों में बालक अंडर-11 आयु वर्ग में रेयांश भंडारी ने कियान सलूजा को 3-0 से एकतरफा शिकस्त दी। वहीं एक अन्य कड़े मुकाबले में नव्य हुंडिया ने वेदांत मित्तल को 3-2 से और अद्विक बड़जात्या ने रेयांश कुशवाहा को 3-2 से पराजित किया। इसी वर्ग में अंशुमन पाटनी ने ओजस पटेल को 3-1 से, अबीर सोनगरा ने रियान पटेल को 3-0 से, शुभन अग्रवाल ने युवान धुर्वे को 3-0 से, यदुवीर सिंह ने रौनक जैन को 3-1 से और ध्रुवेश लोकरे ने आर्या डोंगरे को 3-0 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया। :: बालिका वर्ग में भव्यंशी और ईवा जीतीं :; बालिका अंडर-11 आयु वर्ग के मुकाबलों में भव्यंशी सोनी ने श्रेष्ठता सी को 3-0 से और ईवा खान ने सिद्धी दुबे को 3-1 से मात दी। इसी आयु वर्ग के अन्य मैचों में अनिंदिता ने सवी पहाड़िया को 3-0 से, दिशा ने ईरा जैन को 3-0 से, ईरा जैन ने त्रिशिका चावड़ा को 3-2 से और हनुष भोपले ने रचित जोशी को 3-2 से परास्त कर अपनी जीत का सिलसिला आगे बढ़ाया। इसके साथ ही बालक अंडर-13 आयु वर्ग में ध्रुवेश लोकरे ने अबीर सोनगरा को 3-0 से, आरव कासठ ने शुभन अग्रवाल को 3-0 से, पुण्यांश जैन ने विराज मित्तल को 3-0 से, गर्व अलवानी ने रेयांश जैन को 3-0 से, निर्वाण ने रौनक जैन को 3-0 से और मृणाल सिंह ठाकुर ने यशवर्धन को 3-0 से शिकस्त देकर अगले चक्र में जगह सुरक्षित की। :: वरिष्ठ अतिथियों की मौजूदगी में हुआ औपचारिक उद्घाटन :: इससे पूर्व इस प्रतिष्ठित खेल स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ सिविल जज अमित प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य और मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस गरिमामय अवसर पर सिविल न्यायाधीश रूपम तोमर, मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन से जयेश आचार्य, रिंकू आचार्य, जिला सचिव नीलेश वेद और गौरव पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशांत व्यास ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन नवीन सोनी द्वारा व्यक्त किया गया। प्रकाश/12 जून 2026