राष्ट्रीय
12-Jun-2026


लखनऊ (ईएमएस)। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह के धार्मिक नारों को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित केनेडी हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से जय श्री राम, भारत माता की जय और हर हर महादेव के नारे लगाए। उद्यान विभाग की ओर से आयोजित मंडलीय कार्यक्रम के लिए एएमयू के प्रसिद्ध केनेडी ऑडिटोरियम को चुना गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दिनेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन के दौरान कई धार्मिक नारे लगाए, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के केनेडी हॉल के अंदर हर हर महादेव। उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और समर्थकों तथा विरोधियों के बीच बहस छिड़ गई। एएमयू परिसर में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दिनेश प्रताप सिंह जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। मंत्री ने राहुल गांधी को एक्सिडेंटल नेता बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व और विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए। सुबोध/१२-०६-२०२६