राष्ट्रीय
12-Jun-2026


श्रीनगर (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार से श्रीनगर एयरपोर्ट को निर्धारित अवधि के लिए बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। उनका कहना है कि पर्यटन सीजन के चरम समय में एयरपोर्ट बंद होने से घाटी की अर्थव्यवस्था, पर्यटन उद्योग और आम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, श्रीनगर एयरपोर्ट पर रनवे मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते इस वर्ष अक्टूबर के पहले पखवाड़े में उड़ान सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। इस मुद्दे को लेकर उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर चिंता जताई। उन्होंने सुझाव दिया कि मरम्मत कार्य को चरणबद्ध तरीके से किया जाए या फिर कम व्यस्त अवधि में स्थानांतरित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्टूबर का महीना कश्मीर पर्यटन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक इस दौरान घाटी पहुंचते हैं। चिनार के सुनहरे पत्तों के कारण इस मौसम को गोल्डन कश्मीर के नाम से भी जाना जाता है। उमर अब्दुल्ला ने यह भी प्रस्ताव रखा कि यदि श्रीनगर एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद करना अनिवार्य हो, तो दक्षिण कश्मीर स्थित अवंतीपोरा एयरबेस को अस्थायी रूप से नागरिक उड़ानों के लिए खोला जाए, ताकि घाटी की हवाई कनेक्टिविटी बनी रहे। पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी एयरपोर्ट बंद होने पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि हाल के वर्षों में पर्यटन क्षेत्र कई चुनौतियों से गुजरा है और ऐसे समय में हवाई संपर्क बाधित होने से स्थानीय कारोबार पर गंभीर असर पड़ सकता है। फिलहाल केंद्र सरकार ने मामले पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार विकल्पों पर विचार किया जा रहा है ताकि मरम्मत कार्य भी पूरा हो और कश्मीर की पर्यटन अर्थव्यवस्था पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। सुबोध/१२-०६-२०२६