राष्ट्रीय
12-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दुनियाभर में शुक्रवार को मेटा के प्रमुख सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म अचानक प्रभावित हो गए। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप और मैसेंजर की सेवाओं में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण हजारों नहीं बल्कि लाखों यूजर्स को लॉगिन, मैसेज भेजने, फीड रिफ्रेश करने और ऐप एक्सेस करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के अनुसार, फ़ेसबुक को लेकर 62,000 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि इंस्टाग्राम के लिए 8,000 से ज्यादा रिपोर्ट सामने आईं। कई यूजर्स ने बताया कि उन्हें अचानक अकाउंट से लॉगआउट कर दिया गया या ऐप्स सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे। मेटा के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि कंपनी को समस्या की जानकारी है और तकनीकी टीम इसे जल्द से जल्द ठीक करने में जुटी हुई है। हालांकि, आउटेज के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा अभी तक नहीं किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, समस्या केवल किसी एक देश तक सीमित नहीं रही। अमेरिका, यूरोप, एशिया और मध्य पूर्व सहित कई क्षेत्रों के यूजर्स ने सेवाएं प्रभावित होने की शिकायत दर्ज कराई। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और मैसेंजर के साथ-साथ मेटा के कुछ बिजनेस टूल्स और विज्ञापन सेवाओं पर भी असर देखा गया सुबोध/१२-०६-२०२६