क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


फतेहपुर (ईएमएस)। जनपद के विकास खंड बहुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजानपुर बहुआ देहात में ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के निरंतर प्रयासों से एक बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। गांव के एक मोहल्ले में कई दिनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों को भीषण गर्मी और अंधेरे से राहत मिली है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व गांव के एक मोहल्ले में लगे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया था। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर में आग लग गई और वह पूरी तरह जल गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी के मौसम में बिजली न होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान हेमलता पटेल तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बिना देरी किए बहुआ पावर हाउस के अधिकारियों से संपर्क कर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई, जिससे किसी बड़े हादसे की संभावना टल गई। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर जलने के बाद हेमलता पटेल लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहीं और समस्या के शीघ्र समाधान के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। उन्होंने विभाग को ग्रामीणों की परेशानियों से अवगत कराते हुए जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की। उनके प्रयासों का परिणाम रहा कि शनिवार को विद्युत विभाग द्वारा जले हुए ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद बिजली आपूर्ति भी बहाल कर दी गई, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली आने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामवासियों ने ग्राम प्रधान हेमलता पटेल के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सक्रियता और तत्परता के कारण ही समस्या का शीघ्र समाधान संभव हो सका। इस अवसर पर हेमलता पटेल ने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा तत्पर हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। - ईएमएस 13 जून, 2026