क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- हटाए गए कनकी और सरगबुंदिया के पंचायत सचिव - नए सचिव को मिला प्रभार कोरबा (ईएमएस) मुख्यमंत्री के सुशासन तिहार अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन ने कार्यवाही शुरू कर दी है। करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकी और सरगबुंदिया में पंचायत सचिवों के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने दोनों सचिवों का स्थानांतरण कर दिया है। प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कनकी के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सुशासन तिहार के दौरान पंचायत सचिव के खिलाफ कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही तथा विकास कार्यों के लिए प्राप्त शासकीय राशि के दुरुपयोग एवं वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में सचिव के विरुद्ध उपसरपंच, पंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कर्तव्यों के प्रति उदासीनता और कार्यों में लापरवाही की शिकायत की थी। सुशासन तिहार में प्राप्त इन शिकायतों की जांच के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की। जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत कनकी के सचिव को स्थानांतरित कर ग्राम पंचायत अमलडीहा भेजा गया है। वहीं सरगबुंदिया के सचिव को जनपद पंचायत कार्यालय करतला में संलग्न किया गया है। प्रशासन ने अमलडीहा में पदस्थ सचिव को स्थानांतरित कर ग्राम पंचायत कनकी में उनकी मूल पदस्थापना की है। साथ ही उनके कार्य अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए ग्राम पंचायत सरगबुंदिया का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। जिला प्रशासन की इस कार्यवाही को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सुशासन तिहार की सार्थकता से जोड़ते हुए स्वागत किया है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि उनकी समस्याओं और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से शासन-प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है तथा यह संदेश गया है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - 15 जून