खेल
13-Jun-2026


110 मीटर हर्डल रेस में 13.27 सेकंड का प्रभावशाली समय निकाला लुधियाना (ईएमएस)। भारतीय हर्डलर तेजस शिरसे ने इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 9 में पुरुषों की 110 मीटर हर्डल रेस में 13.27 सेकंड का प्रभावशाली समय निकालकर एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही तेजस ने साल 2026 में होने वाले राष्ट्रमण्डल खेलों के लिए क्वालिफिकेशन मार्क भी हासिल कर लिया है। 24 वर्षीय इस युवा एथलीट ने साल 2024 में 13.41 सेकंड के बनाये अपने ही पिछले रिकार्ड को तोड़ा था। अब नया समय निकालकर तेजस ने भारतीय एथलेटिक्स इतिहास की स्प्रिंट-हर्डल स्पर्धाओं में नई उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड (13.39 सेकंड) को भी आसानी से पार कर लिया। ये उनकी उत्कृष्ट तैयारी और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। बी फाइनल में शिरसे ने रेस की शुरुआत बेहद जबरदस्त तरीके से की। उन्होंने हुए शुरुआती बढ़त हासिल कर ली और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े। हालांकि, आखिरी हर्डल से मामूली रूप से टकराने के बावजूद, उन्होंने अपनी गति को बनाए रखा और फिनिश लाइन तक शानदार रफ्तार के साथ 13.27 सेकंड का प्रभावशाली समय दर्ज किया। इस रोमांचक दौड़ में कृषिक एम 13.55 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, अन्य स्पर्धाओं में कुछ एथलीटों को निराशा हाथ लगी। पुरुषों की 800 मीटर रेस में मोहम्मद अफसल ने 1:47.00 का समय लिया, जो कि कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड 1:45.00 से काफी दूर था। इस प्रदर्शन के कारण कॉमनवेल्थ गेम्स टीम में जगह बनाने की उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है और वे लगभग समाप्त हो सकती हैं, जिससे उनके प्रशंसकों में मायूसी छाई है। पुरुषों की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में भी कई एथलीटों ने क्वालिफिकेशन मार्क हासिल करने का प्रयास किया। ईएमएस 13जून 2026