खेल
13-Jun-2026


ऑकलैंड (ईएमएस)। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज और लंबे समय तक कप्तान रहे केन विलियमसन अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए जाने जाएंगे। अपने शांत स्वभाव के कारण विलियमसन की गिनती ऐसे कप्तानों में हुई है जो विवादों से दूर रहे हैं। वहीं निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पत्नी सारा रहीम एक नर्स रही हैं। इन दोनो की प्रेम कहानी भी अनूठी है। जिसकी शुरुआत अस्पताल से हुई जो सुनने में अजीब लगता है पर सही है। साल 2015 में जब विलियमसन अपनी चोट का इलाज करवाने के लिए एक अस्पताल में पहुंचे थे। तब उसी अस्पताल में नर्स का काम कर रही सारा रहीम को लेकर वह प्रभावित हो गये। सारा बेहद सादगी पसंद इंसान हैं और अपनी निजी जिंदगी को हमेशा ही गोपनीय रखती हैं। जब विलियमसन अस्पताल में अपनी चोट से उबर रहे थे, तब सारा उनकी देखभाल कर रही थीं। विलियमसन को सारा की सादगी और उनका ख्याल रखने का अंदाज इतना पसंद आया कि उन्हें पहली ही नजर में उससे प्यार हो गया। इसके बाद दोनों के बीच की ये मुलाकात शादी तक पहुंच गयी। दिसंबर 2020 में केन विलियमसन ने सोशल मीडिया के जरिए खुशखबरी दी कि वे और सारा एक प्यारी सी बेटी मैगी के माता-पिता बने हैं। यह सफर यहीं नहीं रुका। मई 2022 में सारा ने एक बेटे को जन्म दिया। केन जितने अच्छे कप्तान और बल्लेबाज थे, उतने ही समर्पित पिता भी साबित हुए। वह अक्सर अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए क्रिकेट से ब्रेक भी ले लिया करते थे। प्यार और खुशियों का यह कारवां आगे बढ़ता रहा और साल 2024 में केन और सारा तीसरी बार माता-पिता बने, जब उनके घर एक और नन्ही परी ने जन्म लिया। तीन बच्चों के आने के बाद केन और सारा की यह प्रेम कहानी अब एक मुकम्मल और खूबसूरत परिवार में बदल चुकी थी। भले ही आज विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह दिया हो, लेकिन उनके चाहने वाले जानते हैं कि उनका मैदान पर दिया गया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। ईएमएस 13 जून 2026