लंदन (ईएमएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्वकप के शुरुआती मैच से पहले कहा कि हमें पाक से हर हाल में जीतना ही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि भारतीय टीम किसी भी अन्य विरोधी से हार स्वीकार कर सकती है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हार उन्हें कतई मंजूर नहीं। जेमिमा ने कहा कि ये इसी कारण इस मैच में दबाव रहता है। उन्होंने याद करते हुए बताया, मुझे याद है जब मैंने अपना पहला भारत-पाकिस्तान मैच खेला था। ड्रेसिंग रूम में हरमनप्रीत कौर ने हमसे बात की थी और कहा था, इसे नकारो मत। बाहर से दबाव होता है क्योंकि हम भारत बनाम पाकिस्तान का इतिहास जानते हैं। हम जानते हैं कि फैंस क्या उम्मीद करते हैं। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि उनकी बिल्डिंग का वॉचमैन भी उनसे कहता है, किसी से भी हारो, लेकिन पाकिस्तान से नहीं। यह उस तरह का भारी दबाव है क्योंकि लोग क्रिकेट को दिल से पसंद करते हैं और उन्हें यह प्रतिस्पर्धा बेहद प्रिय है। वहीं जेमिमा ने कहा, हम एक टीम के तौर पर विश्व कप की ट्रॉफी उठाने के बारे में सोचते रहते हैं। यह हमारी दिनचर्या के हिस्से की तरह है। हमारा मानना है कि अगर आप किसी चीज को काफी देर तक देखते हैं, तो आप उस दिशा में आगे बढ़ना शुरू कर देते हैं। यह हमारी टीम की थीम है। हमने 2025 विश्व कप के दौरान भी ऐसा किया था और कोच ने भी हमें यही जारी रखने को कहा है। टूर्नामेंट से पहले टीम की तैयारियों और दबाव से निपटने के तरीकों पर बात करते हुए जेमिमा ने बताया, हम हर गेम के लिए अलग तरह से तैयारी करते हैं। हम खुद को जानबूझकर मुश्किल परिस्थितियों में डालते हैं, चाहे वह प्रशिक्षण सत्र में हो या मैदान पर। हमारे बहुत सारे सेशन होते हैं जहां हम अलग-अलग दबाव भरी स्थितियों में खेलते हैं। ईएमएस 13जून 2026