न्यूजर्सी (ईएमएस)। पांच बार की विजेता रही ब्राजील की टीम को फीफा विश्वकप फुटबॉल 2026 के अपने शुरुआती मुकाबले में ही मोरक्को की टीम ने 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया। इस मैच में ब्राजीत को अपने स्टार खिलाड़ी नेमार की कमी खली। नेमार के नहीं होने से इस रोमांचक मुकाबले में ब्राजील की टीम की चमक पहले जैसी नहीं दिखी। मोरक्को ने उन्हें 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। इस परिणाम से ब्राजील का विश्व कप अभियान शुरुआत में ही कमजोर साबित हो गया है। टीम ने टूर्नामेंट में कदम रखते हुए जीत का सपना देखा था जिस पर अब सवाल उठने लगे हैं। मैच की शुरुआत में ही मोरक्को ने आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 21वें मिनट में ही इस्माइल सैबारी ने शानदार गोल कर मोरक्को को बढ़त दिला दी। इस शुरुआती झटके से ब्राजील पर दबाव बढ़ गया पर विनीसियस जूनियर ने 32 वें मिनट में एक गोल दागकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। यह विनीसियस का 10वां अंतरराष्ट्रीय गोल था, और उनके इस गोल ने स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। दोनो ही टीमों ने इसके बाद गोल करने के कई प्रयास किये पर सफल नहीं रहीं। ब्राजील ने 2002 के बाद से ही कोई विश्व कप नहीं जीता है और इस बार वे बड़े उम्मीदों के साथ मैदान में उतरे हैं। यही कारण था किस्टेडियम में मौजूद 80 हजार से अधिक दर्शकों ने मोरक्को के खिलाफ अपनी टीम की जीत के लिए नारे लगाये। प्रशंसक अपनी टीम से एक धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद कर रहे थे पर मोरक्को की मजबूत रक्षापंक्ति और जवाबी हमलों ने ब्राजील को दूसरे गोल का अवसर ही नहीं दिया और मुकाबला अंत में बराबरी पर रहा। इस मुकाबले में ब्राजील की टीम अपने स्टार खिलाड़ी नेमार जूनियर के बिना मैदान पर उतरी थी। नेमार दाहिने पैर की चोट से उबर रहे हैं, और उनकी अनुपस्थिति टीम के आक्रमण पर स्पष्ट रूप से दिखाई दी। टीम को मिडफ़ील्ड और फॉरवर्ड लाइन के बीच वह रचनात्मकता और जादू की कमी महसूस हुई, जो नेमार आमतौर पर प्रदान करते हैं। अब ब्राजील को अपने अगले ग्रुप मैचों में प्रदर्शन सुधारना होगा जिससे वे विश्व कप के नॉकआउट चरण में प्रवेश कर सकें। ब्राजील ने पहले मैच में नहीं हारने के रिकार्ड को बरकरार रखा ब्राजील ने भले ही मोरक्को पर जीत हासिल न की हो, लेकिन उसने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस ड्रॉ के साथ ब्राजील ने 1934 के बाद से विश्व कप के अपने पहले मैच में कभी न हारने के 92 साल पुराने अजेय क्रम को बरकरार रखा है। अब यह सिलसिला 21 मैचों तक पहुंच गया है, जिसमें 17 जीत भी शामिल हैं। मैच भले ही ड्रॉ रहा हो, लेकिन ब्राजील के खिलाड़ी और कोच दोनों ही टीम के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं दिखे। विनीसियस जूनियर ने खुद स्वीकार किया, हमारी शुरुआत बहुत खराब रही। हमें निश्चित रूप से गेंद पर बेहतर नियंत्रण रखना होगा और आगे बेहतर खेल दिखाना होगा। कोच कार्लो एंसेलोटी ने भी टीम की शुरुआती बेचैनी और तनाव को स्वीकार करते हुए कहा कि टीम काफी असंतुलित नजर आ रही थी। ब्राजील 2002 से खिताब नहीं जीत पाया है और उस पर इसका दबाव स्पष्ट नजर आ रहा था। दूसरी ओर, मोरक्को के कोच मोहम्मद ओउबी अपनी टीम के जुझारू प्रदर्शन से खुश दिखे। उन्होंने कहा कि वे ड्रॉ से संतुष्ट हैं, हालांकि वे बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं हैं। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में मौजूद 80,663 दर्शकों में ब्राजील के पीले रंग की जर्सी पहने प्रशंसकों का दबदबा था। गौरतलब है कि फीफा रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज ब्राजील और सातवें स्थान पर मौजूद मोरक्को ही इस 48 देशों के विश्व कप के पहले दौर में आमने-सामने आने वाली शीर्ष 10 टीमें थीं। गिरजा/ईएमएस 14जून 2026